लोहता थाना क्षेत्र के भट्टी में भीषण सड़क हादसा, अकेलवा चौकी प्रभारी अमित कुमार घायल

Aman Pandey
Aman Pandey
2 Min Read

वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में ईंटों से भरा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर एक घर में जा घुसा। इस दुर्घटना में घर को भारी नुकसान पहुंचा और बचाव कार्य में जुटे अकेलवा चौकी प्रभारी अमित कुमार यादव घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने नगर निगम की लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण बताया है।

 

जानकारी के अनुसार, पी-मार्का ईंटों से लदा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर भट्टी इलाके से गुजर रहा था। सड़क पर घना अंधेरा था क्योंकि नगर निगम द्वारा लगाई गई पोल लाइटें लंबे समय से खराब थीं। इसी अंधेरे के कारण चालक को रास्ता ठीक से दिखाई नहीं दिया, जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया।

 

अनियंत्रित ट्रैक्टर सीधे शंभू प्रजापति के रिहायशी मकान में जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि घर के सामने खड़ी एक रॉयल एनफील्ड बुलेट और एक स्कूटी ईंटों के ढेर के नीचे दब गईं। मकान को भी भारी क्षति पहुंची और घर के अंदर मौजूद एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अकेलवा चौकी इंचार्ज अमित कुमार यादव ने बचाव कार्य शुरू किया। ईंटों के ढेर में दबे वाहनों और लोगों को निकालने के दौरान अचानक ईंटें खिसक गईं, जिससे चौकी इंचार्ज अमित कुमार यादव को गहरी चोट आई।

 

घायल होने के बावजूद उन्होंने मौके पर स्थिति संभाली, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। उनके घायल होने की खबर से इलाके में आक्रोश फैल गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अगर सड़क पर पोल लाइटें जल रही होतीं तो यह हादसा टाला जा सकता था

Share This Article
Leave a comment