वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह में एक युवक का शव घर के किचन में फांसी के फंदे पर लटका मिला। किचन में काम करने गई पत्नी ने शव देखा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। पत्नी की आवाजा सुनकर पहुंचे परिवार के अन्य सदस्य ने फंदा काटकर शव को नीचे उतारा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी।
यह पूरा मामला थाना क्षेत्र के ठठरा गांव का है। मृतक की पहचान संदीप मोदनवाल (37) पुत्र श्यामलाल उर्फ गड़बड़ मोदनवालके रूप में हुई है। मृतक की पत्नी अंजली देवी ने बताया कि वह बुधवार देर रात होली खेलने के बाद घर लौटे और अपने कमरे में सोने चले गए। देर रात किसी समय वह उठकर कमरे के बगल में स्थित किचन में गए, जहां पंखे से गमछे के सहारे फांसी लगा ली।
मृतक संदीप अपने पिता का इकलौता बेटा था। वह चाट की दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में पत्नी अंजली देवी, बेटी परि (8) और बेटा यशू (14) है। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ घर के बाहर जुट गई। सूचना पर कछवां रोड चौकी प्रभारी रामचंद्र यादव मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। घटना के बाद मां मीरा देवी- पत्नी अंजली व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, चौकी प्रभारी रामचंद्र यादव ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
