लोहता थाना क्षेत्र के हैबतपुर गांव निवासी श्यामवृक्ष मजदूरी करते हैं। उनका बेटा आकाश (18) कक्षा में नौ का छात्र था। बुधवार सुबह 11 बजे आकाश के घर गांव निवासी उसका 17 साल का दोस्त बाइक से पहुंचा।
उसने आकाश से कहा- नदी में नहाने चलते हैं। आकाश उसके साथ बाइक पर बैठ गया। रास्ते में गांव निवासी अंकुश और दिव्यांश को भी आरोपी ने अपनी बाइक में ले लिया। इसके बाद चारों लोग गांव से 700 मीटर दूर वरुणा नदी के पास पहुंचे। यहां चारों लोग नहाने लगे। जब चारों दोस्त नहा रहे थे तो नदी के किनारे गांव का एक लड़का शिवा भी बैठा था।
शिवा ने बताया कि नहाने के दौरान आकाश को उसके दोस्त ने अपने कंधे पर बैठा लिया। वह फिर वह उसे बीच धारा में ले गया। बीच धारा में पहुंचने के बाद उसने आकाश को कंधे से नीचे गिरा दिया। आकाश नदी में डूबने लगा। छटपटाते हुए उसने बचाने की गुहार लगाई। मगर आरोपी खड़ा होकर देखता रहा। जब आकाश नदी में डूब गया तो वह नदी के बाहर आ गया। उसने अंकुश और दिव्यांश से कहा कि कोई भी कुछ नहीं बताएगा। इसके बाद आरोपी ने उसके कपड़े लिए और उसमें ईंट-पत्थर भरकर नदी में फेंक दिए। इसके बाद सभी फरार हो गए।
शिवा दौड़कर अपने घर पहुंचा और घरवालों को जानकारी दी। इसके बाद शिवा के घर वाले आकाश के घर पहुंचे और घटना के बारे में बताया। जानकारी मिलते ही गांव वाले दौड़कर नदी के पास पहुंचे। नदी के अंदर किनारे उन्हें आकाश के कपड़े मिल गए। इसके बाद गांव वालों ने पुलिस को सूचना दी। 12 बजे पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोर को न बुलाने से नाराज गांव वालों ने हंगामा शुरू कर दिया।
उनकी पुलिस से धक्का-मुक्की हो गई। इसके बाद गांव के मछुआरे और लड़के आकाश की तलाश में नदी में कूद गए। करीब 5 घंटे बाद गांव वालों ने आकाश की शव को बाहर निकाला। शव के बाहर आते ही गांव वालों ने फिर से हंगामा कर दिया। पुलिस की जीप पर पथराव कर दिया। इसके बाद शव रखकर गांव अयोध्यापुर-कोटवा सड़क पर ग्रामीणों ने जाम लगा दिया।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। घरवालों का कहना है मुख्य आरोपी को अरेस्ट किया जाए। हंगामा की सूचना पाकर मौके पर एसीपी रोहनिया संजीव कुमार शर्मा पहुंचे। उन्होंने आकाश के घरवालों को कार्रवाई का आश्वासन दिया है। आकाश के चचेरे भाई आजाद ने बताया कि गांव के रहने वाले आरोपी से पहले विवाद हुआ था। रविदास जयंती के दिन कहासुनी और मारपीट हुई थी।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। घरवालों का कहना है मुख्य आरोपी को अरेस्ट किया जाए। हंगामा की सूचना पाकर मौके पर एसीपी रोहनिया संजीव कुमार शर्मा पहुंचे। उन्होंने आकाश के घरवालों को कार्रवाई का आश्वासन दिया है। आकाश के चचेरे भाई आजाद ने बताया कि गांव के रहने वाले आरोपी से पहले विवाद हुआ था। रविदास जयंती के दिन कहासुनी और मारपीट हुई थी।
