वाराणसी: मंडुवाडीह में तेज रफ्तार कार का कहर, मां के सामने 5 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत

Aman Pandey
2 Min Read

**वाराणसी:** मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार बेकाबू कार ने सड़क किनारे जा रहे मां-बेटे को बेरहमी से रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में पांच वर्षीय मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई।

 

बताया जा रहा है कि कार को अपनी तरफ तेज रफ्तार में आता देख मां अपने बेटे को लेकर जान बचाने के लिए भागी। लेकिन रास्ते में डिवाइडर होने के कारण वह दूसरी तरफ नहीं जा सकी और कार की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं मां लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ी।

 

महिला और बच्चे को कुचलने के बाद अनियंत्रित कार सीधे डिवाइडर से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जुटने लगी। माहौल बिगड़ता देख कार चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है।

 

घटना की जानकारी मिलते ही मंडुवाडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मासूम के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना पाकर रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस का कहना है कि दुर्घटनाग्रस्त कार के नंबर से उसके मालिक का पता लगा लिया गया है और फरार कार चालक की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Share this Article
Leave a comment