**वाराणसी के मण्डुवाडीह पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नाबालिग किशोरी को फुसलाकर ले जाने व दुष्कर्म मामले में 02 अभियुक्त गिरफ्तार, अपहृता बरामद**
**वाराणसी।** वाराणसी पुलिस आयुक्त के निर्देशानुसार अपराधों की रोकथाम और वांछित/फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मण्डुवाडीह थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने एक 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 02 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही अपहृता को सुरक्षित बरामद कर लिया है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त वरुणा ज़ोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस आयुक्त रोहनियां के नेतृत्व में मण्डुवाडीह पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सटीक सूचना पर की गई।
दिनांक 31 अगस्त 2026 को पीड़िता के भाई द्वारा थाना मण्डुवाडीह में अपनी 16 वर्षीय नाबालिग बहन के बिना बताए घर से कहीं चले जाने और वापस न लौटने के संबंध में एक लिखित प्रार्थना पत्र दिया गया था। सूचना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए मण्डुवाडीह थाने पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया, जिसकी विवेचना उप-निरीक्षक सत्यानन्द यादव द्वारा की जा रही थी।
मामले की जांच के दौरान 01 सितंबर 2026 को शाम करीब 04:00 बजे मण्डुवाडीह थाना परिसर से मुखबिर की सूचना पर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान शहजादे (उम्र करीब 23 वर्ष) पुत्र शमीम तथा अनिल कन्नौजिया (उम्र करीब 23 वर्ष) पुत्र राजकुमार कन्नौजिया, दोनों निवासी सिधौरिया कॉलोनी, शिवदासपुर, थाना मण्डुवाडीह, कमिश्नरेट वाराणसी के रूप में हुई है।
दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध थाना मण्डुवाडीह में मुकदमा संख्या 0308/2026, धारा 137(2), 87, 64(1), 142 बीएनएस एवं ¾(2) पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज है। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उप-निरीक्षक सत्यानन्द यादव शामिल रहे। पुलिस द्वारा गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।