वाराणसी में पत्रकारों के खिलाफ फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी, आक्रोशित पत्रकारों ने पुलिस को सौंपा ज्ञापन**

Aman Pandey
2 Min Read

**वाराणसी।** सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर वाराणसी के पत्रकारों के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी और अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने से मीडियाकर्मियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। इस मामले को लेकर ‘नेशनल मीडिया हेल्पलाइन’ संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एस. के. श्रीवास्तव ‘विकास’ के नेतृत्व में पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सहायक पुलिस आयुक्त रोहनिया और प्रभारी निरीक्षक रोहनिया को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

 

सौंपे गए शिकायत पत्र के अनुसार, मंडुवाडीह थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ‘PPH- पुलवामा पूछता है’ नाम से फेसबुक पेज और ‘कारगिल’ नाम से सोशल मीडिया अकाउंट संचालित करता है। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने फेसबुक पर एक वीडियो अपलोड कर वाराणसी के पत्रकारों के खिलाफ अंसदीय और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की है।

 

‘नेशनल मीडिया हेल्पलाइन’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एस. के. श्रीवास्तव ने कहा कि पत्रकारों के खिलाफ इस प्रकार की अनर्गल टिप्पणी से पत्रकार जगत का अपमान हुआ है और समाज में उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है, जो अत्यंत निंदनीय है। पत्रकारों ने मांग की है कि पुलिस मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में सख्त कानूनी कार्रवाई करे।

 

प्रभारी निरीक्षक रोहनिया ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर असंसदीय भाषा का प्रयोग करने वाले व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

इस अवसर पर राष्ट्रीय पत्रकार परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र उपाध्याय, अजय तिवारी, अश्वनी चौहान, शुभम वर्मा, अजय गुप्ता, सुनील उपाध्याय, रामजी चौहान, संजय मिश्रा, जयचंद और पंकज उपाध्याय समेत कई पत्रकार उपस्थित रहे।

Share this Article
Leave a comment