शिवपुर (वाराणसी): समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय मिश्रा ने एक प्रेसवार्ता के दौरान आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर एक आक्रामक और बड़ा राजनीतिक बयान दिया है। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में वाराणसी की सभी आठ विधानसभा सीटों पर कड़ी मेहनत कर जीत दर्ज करने का संकल्प दोहराया है। साथ ही, उन्होंने शिवपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए वर्तमान कैबिनेट मंत्री एवं विधायक अनिल राजभर पर सीधा निशाना साधा है।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए संजय मिश्रा ने आत्मविश्वास के साथ कहा कि यदि पार्टी उन्हें शिवपुर विधानसभा से अपना उम्मीदवार बनाती है, तो वे चुनाव मैदान में वर्तमान कैबिनेट मंत्री और विधायक अनिल राजभर की जमानत जप्त करा देंगे। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि बाहरी लोग आकर इस विधानसभा से चुनाव जीत जाते हैं, लेकिन क्षेत्र के विकास के लिए जमीनी स्तर पर कोई ठोस काम नहीं करते।
अपनी राजनीतिक पकड़ और जनसेवा का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से जनता के बीच सक्रिय हैं और लगातार जनसेवा कर रहे हैं। इसी का परिणाम है कि आज वे घर-घर और जन-जन से गहराई से जुड़े हुए हैं। उनकी राजनीति बहुत पहले से चली आ रही है और स्थानीय लोग सीधे उनके संपर्क में हैं। उन्होंने पूरी उम्मीद जताई कि यदि पार्टी नेतृत्व उन्हें मौका देता है, तो वे शिवपुर विधानसभा सीट जीतकर पार्टी की झोली में डाल देंगे।
वाराणसी के राजनीतिक समीकरणों पर बात करते हुए सपा नेता ने कहा कि इस बार कार्यकर्ता की कड़ी मेहनत के बल पर वाराणसी की सभी आठों विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी का परचम शान से लहराएगा।
इसके अलावा, उन्होंने मौजूदा भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस शासनकाल में समाज के हर वर्ग, विशेषकर ब्राह्मणों का सबसे अधिक शोषण हुआ है। उन्होंने दावा किया कि अब ब्राह्मण समाज की आँखें खुल चुकी हैं और उनका रुख पूरी तरह से समाजवादी पार्टी की तरफ हो गया है। संजय मिश्रा ने विश्वास जताया कि आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में ब्राह्मण समुदाय पूरी मजबूती के साथ समाजवादी पार्टी के साथ खड़ा नजर आएगा।