वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र में पुलिस ने 536 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बच्चन मौर्या (42) पुत्र रुपई मौर्या, निवासी कुरौता गोपालपुर, थाना लोहता, जनपद वाराणसी के रूप में हुई है। यह गिरफ्तारी 18 फरवरी 2026 को ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ अभियान के तहत हरदासपुर रिंग रोड के पास से हुई।
प्रभारी निरीक्षक जंसा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक पवन यादव, चौकी प्रभारी कस्बा, उपनिरीक्षक आदित्य सेन और उनकी टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बच्चन मौर्या को एक झोले में अवैध गांजा लिए हुए पकड़ा।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 536 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया। इस संबंध में जंसा थाने में मु0अ0सं0 29/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में अभियुक्त बच्चन मौर्या ने बताया कि वह लोहता थाना क्षेत्र का निवासी है और गांजे की पुड़िया बनाकर अलग-अलग जगहों पर बेचता है। उसने यह भी स्वीकार किया कि 15 फरवरी 2026 को उसने ग्राम हरसोस में एक दुकान के पास खड़े होकर गांजा बेचा था।
गौरतलब है कि 15 फरवरी 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर “जंसा थाना क्षेत्र के हरसोस में खुलेआम गांजा बिक्री” से संबंधित एक वीडियो वायरल हुआ था। इस मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस उपायुक्त गोमती जोन, कमिश्नरेट वाराणसी, श्री आकाश पटेल ने चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक पवन यादव के खिलाफ प्रारंभिक जांच के निर्देश दिए थे।
