वाराणसी जिले के जंसा में सुरक्षा और वसूली के गंभीर आरोपों को लेकर एक नया विवाद तूल पकड़ता नजर आ रहा है, जिसमें दो पक्ष अब आमने-सामने आ गए हैं। बेरुका के पूर्व ग्राम प्रधान अनीत कुमार गर्ग ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए विपक्षी रितेश सिंह के खिलाफ कानूनी मोर्चा खोलने का ऐलान किया है।
पूर्व ग्राम प्रधान अनीत गर्ग का सीधा आरोप है कि उनके ऊपर आरोप लगाने वाले रितेश सिंह वाराणसी के किसी भी बार एसोसिएशन के सदस्य नहीं हैं। ये बार द्वारा लिख कर दिया गया है उन्होंने दावा किया कि रितेश फर्जी वकील बनकर घूम रहे हैं और लोगों से अवैध वसूली का काम करते हैं।
अपने ऊपर लगे आरोपों पर पलटवार करते हुए अनीत गर्ग ने कहा कि रितेश सिंह द्वारा लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह बेबुनियाद और मनगढ़ंत हैं। उनका कहना है कि यह केवल उनकी सामाजिक छवि को धूमिल करने और वसूली करने के उद्देश्य से रची गई एक साजिश है। अनीत गर्ग ने साफ किया है कि वे चुप नहीं बैठेंगे और अपने सम्मान की रक्षा के लिए रितेश सिंह के खिलाफ जल्द ही न्यायालय में मानहानि का मुकदमा दर्ज कराएंगे।
