वाराणसी। काशी के कोतवाल श्री श्री 1008 बाबा कालभैरव का वार्षिक श्रृंगार महोत्सव सोमवार 12 फरवरी, 2024 को संपन्न हुआ इस अवसर पर बाबा की नैनाभिराम झांकी सजायी गयी। महोत्सव का शुभारम्भ प्रातः 5.00 बजे से महंत पंडित सुमित उपाध्याय ने दूध, दही, घृत, शहद एवं पंचमेवा से बाबा का अभिषेक किया।
इसके पश्चात बाबा को सिन्दूर अर्पित कर नवीन वस्त्र एवं नया रजत मुखौटा धारण कराकर विभिन्न सुगंधित मालाओं और आभूषणों से अलंकृत कर बाबा की भव्य झांकी सजायी गयी। शृंगार के पश्चात विभिन्न प्रकार के पकवान,मिष्ठान और मदिरा का भोग लगाकर बाबा की आरती की गयी। आरती के साथ ही बाबा के श्रृंगार का दर्शन श्रद्धालुओं के लिए मंदिर का कपाट खोल दिया गया। कपाट खुलते ही बाबा के जयकारे से समूचा क्षेत्र बाबा मय हो गया।