लोहता वरुणा नदी में मिले अज्ञात शव की सोशल मीडिया के जरिए हुई शिनाख्त, परिजनों में मचा कोहराम**

2 Min Read

लोहता थाना क्षेत्र के चौकी कोटवा अंतर्गत टड़िया गांव के समीप वरुणा नदी में आज दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने पानी में एक अधेड़ का शव तैरता देखा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकालकर कब्जे में लिया। मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष प्रतीत हो रही थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पहचान के प्रयास शुरू किए और शव को मर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवा दिया।

 

शव की शिनाख्त पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती थी। इसके समाधान के लिए थाना स्तर पर त्वरित पहल करते हुए मृतक की तस्वीरें और हुलिया सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, विभिन्न वाट्सएप ग्रुप्स तथा स्थानीय डिजिटल न्यूज ग्रुपों में प्रसारित किया गया। पुलिस का यह डिजिटल प्रयास बेहद कारगर साबित हुआ और कुछ ही घंटों के भीतर मृतक की पहचान हो गई।

 

मृतक की शिनाख्त **राम धनी (उम्र लगभग 50 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय कमला प्रसाद, निवासी ग्राम बरजी, थाना फूलपुर** के रूप में हुई। सोशल मीडिया पर प्रसारित सूचना के आधार पर मृतक के परिजन रोते-बिलखते मर्चरी हाउस पहुंचे और शव की पहचान की।

 

परिजनों से की गई पूछताछ में उन्होंने बताया कि रामधनी बीती 24 अगस्त को घर में किसी बात से नाराज होकर बिना बताए कहीं चले गए थे। परिजनों ने आगे स्पष्ट किया कि वे पहले भी कई बार इसी तरह नाराज होकर घर से चले जाते थे और कुछ समय बाद स्वयं वापस लौट आते थे। इसी उम्मीद में परिजनों ने इस बार भी पुलिस में कोई गुमशुदगी या सूचना दर्ज नहीं कराई थी। उन्हें अंदाजा नहीं था कि इस बार ऐसा हादसा हो जाएगा।

Share this Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

five + two =

Exit mobile version