मिर्जामुराद थाने क्षेत्र के करधना गांव में कनेर फल खाने से तीन बच्चियों की मौत

Aman Pandey
Aman Pandey
2 Min Read

वाराणसी में सोमवार को जहरीला फल खाने से 3 मासूम बच्चियोंकी मौत हो गई। तीनों को उल्टियां करता देखकर परिजन डॉक्टर के पास ले जाने लगे। इससे पहले ही तीनों ने दम तोड़ दिया। इसमें दो सगी बहने और तीसरी सहेली थी।

 

घटना के बाद ग्राम प्रधान ने मामले की जानकारी पुलिस को दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। परिजन शव से लिपटकर बिलखते रहे। मामला मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के करधना गांव का है।

 

करधना गांव निवासी मिथिलेश की बेटी हर्षिता (6), अंशिका (3) और गांव के ही मनीष की 4 साल की बेटी नैंसी सोमवार को खेल रही थी। तीनों अचानक बगीचे की तरफ चली गईं और वहां फूल तोड़ने लगीं। इसी दौरान उन्होंने कनेर फूल के साथ फल भी तोड़ लिया और गलती से जहरीला फल खा लिया।

 

कुछ ही देर बाद तीनों बच्चियों की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले जाने लगे, लेकिन चंद मिनट बाद उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की। एसडीएम राजातालाब और एडिशनल डीसीपी वैभव बांगर भी वहां पहुंचे और घटना को लेकर लोगों से बात की।

Share This Article
Leave a comment