राजातालाब निवाशी लवकुश का शव एसटीपी प्लांट परिसर में लटका मिला

Aman Pandey
Aman Pandey
3 Min Read

वाराणसी में एक 23 साल के एक लड़के का एसटीपी प्लांट परिसर स्थित रेस्ट रूम में फंदे से लटका हुआ शव मिला। इसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। साथ ही फोरेंसिक टीम को भी सूचना दी है।

 

कमरे में फोल्डिंग कुर्सी रखी मिली, जबकि पंखे से कपड़ा बंधा हुआ था। इसी कपड़े के सहारे युवक ने आत्महत्या की, ऐसी आशंका जताई जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने सबसे पहले रूम का दरवाजा तोड़ा और इसके बाद पूरे कमरे की बारीकी से तलाशी ली। हालांकि, युवक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

 

मृतक की पहचान राजातालाब के रहने वाले लव कुश के रूप में हुई है। लवकुश का नवंबर में विवाह हुआ था। वह प्लांट में वाटर टैंक चलाने का काम करता था। पूरा मामला लंका थाना क्षेत्र के एसटीपी प्लांट परिसर का है।

 

स्थानीय लोगों के मुताबिक, मंगलवार रात एसटीपी प्लांट के आसपास कुछ युवकों के एकत्र होने और छोटी पार्टी किए जाने की चर्चा है। हालांकि इस संबंध में पुलिस ने अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मृतक के परिजन मौके पर पहुंचते ही आक्रोशित हो गए।

 

उनका कहना है कि लव कुश की मौत सामान्य नहीं है और यह आत्महत्या का मामला नहीं हो सकता। परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि युवक की हत्या की गई है और साक्ष्यों को प्रभावित कर मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है। परिजनों ने निष्पक्ष और गहन जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

 

लंका थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जांच किया गया। आस पास के लोगों से पूछताछ की जा रही है परिवार वालों का जो भी आरोप है उसको ध्यान में रखते हुए भी जांच को आगे बढ़ाया गया है। एक टीम गठित की गई है जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा फिलहाल मौके पर शांति है।

Share This Article
Leave a comment