थाना रोहनियां पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक सनसनीखेज हत्या के मामले का सफल अनावरण करते हुए कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वाराणसी के पुलिस आयुक्त द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत, डीसीपी वरुणा ज़ोन के निर्देशन और एसीपी रोहनियां के नेतृत्व में पुलिस व सर्विलांस टीम को यह बड़ी सफलता मिली है। यह पूरी कार्रवाई थाना रोहनियां में दर्ज हत्या के मुकदमे (मु0अ0सं0 0178/2026 धारा 103(1)/3(5) बीएनएस) से जुड़ी हुई है।
पुलिस टीम ने पहले चरण में 28 जून 2026 की रात करीब 10:10 बजे आर्यन स्कूल अखरी के पास से घेराबंदी करके तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आयुष पटेल उर्फ भोला (निवासी बरबकपुर, मिर्जापुर), मनीष सिंह (निवासी देवरिया नीबी, मिर्जापुर) और अमन सेठ (निवासी अदलहाट, मिर्जापुर) के रूप में हुई है। इनके पास से पुलिस ने ₹1,20,000 नगद, 10 पेटीएम पेमेंट मशीन, 18 एंड्रॉइड व 2 की-पैड मोबाइल फोन, 29 अलग-अलग बैंकों के डेबिट कार्ड, 116 फोन-पे व पेटीएम के क्यूआर कोड, 15 प्लास्टिक क्यूआर कोड, एक एप्पल लैपटॉप, वाई-फाई डोंगल, पासबुक, चेकबुक, सिम कार्ड और एक रोनिन मोटरसाइकिल बरामद की है।
इसके बाद, मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने 29 जून 2026 की भोर में करीब 02:10 बजे एम.पी. मेमोरियल स्कूल करसड़ा के पास दबिश दी। इस दौरान खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की और मुठभेड़ के बाद घटना में शामिल दो मुख्य आरोपियों सुशील पटेल उर्फ गोलू (निवासी भरोहिया, मिर्जापुर) और गियांशू पटेल उर्फ बाबू (निवासी बरबकपुर, मिर्जापुर) को दबोच लिया।
मुठभेड़ के संबंध में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले और आर्म्स एक्ट के तहत एक और मुकदमा (मु0अ0सं0 0203/2026) दर्ज किया है। बदमाशों के पास से मुठभेड़ के दौरान घटना में इस्तेमाल की गई 01 पिस्टल (7.65 बोर) मय 3 जिंदा व 2 खोखा कारतूस, 01 तमंचा (.315 बोर) मय 3 जिंदा व 1 खोखा कारतूस और एक रोनिन मोटरसाइकिल बरामद हुई है। थाना रोहनियां पुलिस द्वारा सभी पांचों अभियुक्तों के खिलाफ आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
