जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियों के लिए समीक्षा बैठक की। इसमें जिलाधिकारी ने परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण, सकुशल, शुचितापूर्ण एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराए जाने के लिए सभी जोनल, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों, सचल दल, केंद्र व्यवस्थापकों और सह केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दैरान केंद्रों के आसपास 200 मीटर की दूरी तक फोटोकॉपी की दुकानें बंद रहेंगी
जिलाधिकारी ने कहा परीक्षा से संबंधित यातायात की कोई समस्या हो तो पास के लिए प्रशासन से संपर्क कर व्यवस्था सुनिश्चित करा लें। माध्यमिक शिक्षा परिषद की मानक संचालन प्रक्रिया के अनुरूप ही परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न कराएं। सभी केंद्र व्यवस्थापक अपने परीक्षा केंद्रों को सेनेटाइज करा लें और अपने अधीनस्थों और कक्ष निरीक्षकों की ब्रीफिंग अवश्य कराएं। उन्हें परीक्षा के नियम, प्रक्रिया और अनुशासन संबंधी जिम्मेदारियों को समझा दें।
स्कूलों में संचालित सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग अच्छे ढंग से होनी चाहिए। प्रवेश के समय चेकिंग व तलाशी प्रॉपर किया जाए। क्लॉक रूम में मोबाइल फोन रखने की सुविधा उपलब्ध हो। सभी मजिस्ट्रेटों और केंद्र व्यवस्थापकों को माध्यमिक शिक्षा परिषद के दिशा-निर्देशों का अध्ययन करने को कहा।
