वाराणसी (कोरौता बाजार) प्रधानमंत्री जी के संसदीय क्षेत्र के कोरौता बाजार में यूनिटी फाउंडेशन ऊंचगांव के तत्वाधान में विश्व माहवारी दिवस के अवसर पर एक जागरूकता बैठक एवं भव्य रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए फाउंडेशन के डायरेक्टर कन्हैया लाल जी ने कहा कि मानव जीवन के जन्म में महिलाओं के माहवारी चक्र का महत्वपूर्ण योगदान है, इसलिए प्रत्येक वर्ष 28 मई को विश्व माहवारी दिवस के रूप में मनाकर समाज को जागरूक किया जाता है।
इस अवसर पर कोरौता जन आरोग्य मंदिर से आईं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी प्रिया मल्ल ने किशोरियों एवं महिलाओं को मासिक धर्म चक्र, उससे जुड़ी समस्याओं, स्वच्छता तथा पोषण के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने माहवारी के दौरान साफ-सफाई रखने, सैनिटरी पैड का उपयोग करने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहते हुए संतुलित आहार लेने के लिए सभी को प्रेरित किया।
बैठक के बाद जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुँचाने के लिए महिलाओं और किशोरियों ने एक रैली निकाली। यह रैली कार्यालय परिसर से शुरू होकर सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की प्रतिमा तक गई, जहाँ गगनभेदी नारों के जरिए लोगों को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन उर्मिला जी ने किया और अंत में धन्यवाद ज्ञापन निर्मला जी द्वारा किया गया। इस पूरे आयोजन में मधुलता मौर्य, सरिता, गीता, दामिनी, गीतांजलि, नैना, सुनैना, राधिका, पूजा, नेहा राय सहित सैकड़ों किशोरियों ने बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई और कार्यक्रम को सफल बनाया।
