वाराणसी में कार्यकर्ताओं द्वारा लगाया गया एक नया पोस्टर सोशल मीडिया से लेकर सड़क तक चर्चा का विषय बना हुआ है। इस पोस्टर में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ‘भगवान श्रीकृष्ण’ के रूप में दर्शाया गया है। पोस्टर में लिखे गए स्लोगन और दावे राहगीरों का ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं।
इस पोस्टर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तुलना भगवान कृष्ण से करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकताओं और आगामी चुनावों को लेकर बड़े दावे किए गए हैं। पोस्टर पर मुख्य रूप से लिखा गया है— “तीन बार चाय वाले, 2027 तीसरी बार गाय वाले, बहन बेटियों की सुरक्षा 24X7, अपराधियों को मिट्टी में मिलाएंगे।” इस नारे के जरिए जहां केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को रेखांकित किया गया है, वहीं दूसरी तरफ साल 2027 के विधानसभा चुनावों में योगी आदित्यनाथ की तीसरी बार वापसी का दावा किया गया है। साथ ही राज्य में महिला सुरक्षा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की नीति को भी दोहराया गया है।
वाराणसी के सुसुवाही इलाके में लगे इस पोस्टर को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि जिस तरह भगवान कृष्ण ने अधर्म का नाश किया था, उसी तरह सीएम योगी यूपी से अपराध और माफिया राज का खात्मा कर रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में इस पोस्टर को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। जहां समर्थक इसे सीएम योगी के कानून-व्यवस्था मॉडल की तारीफ के रूप में देख रहे हैं, वहीं विपक्ष इसे लेकर निशाना साध रहा है। फिलहाल, विधानसभा चुनाव से पहले वाराणसी की सड़कों पर लगा यह पोस्टर राज्य की भावी राजनीतिक तपिश को साफ बयां कर रहा है।
