वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र के बनकट फाटक पर एक अज्ञात युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। यह घटना रात करीब 10 बजे हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक नशे में धुत था। उसने बंद फाटक होने के बावजूद रेलवे ट्रैक पार करने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक ने पहले भी दो बार ट्रैक पार करने की कोशिश की थी। आसपास के लोगों और फाटक गेटमैन ने उसे चिल्लाकर रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह मालगाड़ी की चपेट में आ गया।
युवक के सिर और कंधों पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर अकेवलवा चौकी प्रभारी अमित कुमार और लोहता थाना प्रभारी राज बहादुर मौर्य सहित अन्य प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। एंबुलेंस और डॉक्टरों की टीम ने जांच के बाद युवक की मौत की पुष्टि की।
जांच में युवक की पहचान नहीं हो सकी, उसे अज्ञात माना गया है। उसकी जेब से दो गुटखा, एक सुरती का पैकेट और 400 रुपये बरामद हुए हैं। पहचान संबंधी कोई अन्य वस्तु मौके पर नहीं मिली।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
