वाराणसी: लोहता थाना क्षेत्र के सुरही स्थित मौर्य बस्ती में एक सड़क हादसे में तीन लोग घायल हो गए। नशे में धुत एक ऑटो चालक ने सड़क किनारे घर के बाहर बैठे इन लोगों को टक्कर मार दी। घायलों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह घटना दोपहर करीब ढाई बजे हुई। सुरही मौर्य बस्ती के पास तीन लोग अपने घर के द्वार पर खटिया पर बैठकर बातचीत कर रहे थे। तभी अकेलवा से मंगलपुर की ओर आ रहा एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 10 फीट दूर उनके घर के पास घुस गया और तीनों को जोरदार टक्कर मार दी।
घायलों की पहचान विकास मौर्य, शिवानी मौर्य और लाल धर्म मौर्य के रूप में हुई है। विकास मौर्य को अंदरूनी चोटें आई हैं, जिसके लिए उन्हें सीटी स्कैन हेतु अन्य अस्पताल ले जाया गया है। शिवानी मौर्य को भी गंभीर चोटें लगी हैं, जबकि लाल धर्म मौर्य को मामूली चोटें आई हैं।
ऑटो चालक पूरी तरह नशे में था, जिसके कारण उसकी पहचान तत्काल नहीं हो सकी। ऑटो का नंबर UP-65 PTIS है। हादसे के बाद घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। लोहता पुलिस ने ऑटो चालक और ऑटो को अपनी हिरासत में ले लिया है।
अकेलवा चौकी इंचार्ज अमित कुमार ने बताया कि ऑटो चालक के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी। पीड़ितों ने पुलिस प्रशासन से इलाज के लिए आरोपी से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।
