काशी हिंदू विश्वविद्यालय के केंद्रीय कार्यालय के बाहर आज छात्रों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन सेंट्रल हिंदू स्कूल में प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी मांगों को लेकर किया गया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों और प्राक्टोरियल बोर्ड के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी हुई।
मौके पर पुलिस बल और विश्वविद्यालय का प्राक्टोरियल बोर्ड मौजूद रहा। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि CHS BHU की कक्षा-9 में प्रवेश हेतु सीटों की संख्या शून्य कर देना विश्वविद्यालय की गरिमा पर आघात है।
उनका आरोप है कि मेधावी छात्राओं को उनकी प्रतिभा के आधार पर प्रवेश का अवसर न देना अन्यायपूर्ण निर्णय है। छात्रों ने मांग की कि या तो कक्षा-9 में अतिरिक्त सेक्शन बनाए जाएं अथवा CHS की सभी सीटों पर प्रवेश परीक्षा के आधार पर चयन प्रक्रिया लागू की जाए।
प्रदर्शनकारियों ने वर्ष 2026 की सभी कक्षाओं के लिए हॉस्टल आवंटन से संबंधित सीटों की स्पष्ट जानकारी बुलेटिन में प्रकाशित करने की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन को समय रहते सभी आवश्यक सूचनाएं सार्वजनिक करनी चाहिए।
