वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत चन्दापुर पुलिस चौकी क्षेत्र की ग्राम सभा उदयपुर में छठ पूजा के आयोजन को लेकर उपजा विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। मामले को लेकर स्थानीय निवासी गौरव पांडेय ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि गांव के कुछ लोगों द्वारा सरकारी अस्पताल की जमीन पर जबरन अवैध कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।
गौरव पांडेय का कहना है कि उनके पास उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के स्पष्ट आदेश और दस्तावेज मौजूद हैं, जिनसे यह साबित होता है कि यह भूमि पूरी तरह से सरकारी रूप से अधिकृत है और इस पर किसी भी प्रकार का कब्जा या हस्तक्षेप नहीं किया जा सकता है। इसके बावजूद, प्रशासनिक रोक और आदेशों को दरकिनार करते हुए गांव की कुछ महिलाएं उसी भूमि पर छठ पूजा करने की जिद पर अड़ गई हैं और मौके पर धरने पर बैठ गई हैं। इस स्थिति के चलते गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और स्थानीय प्रशासन के आदेशों के अनुपालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
