वाराणसी: वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सर्किट हाउस के पास प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने कई युवा कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया। सुबह से ही कांग्रेस कार्यकर्ता सर्किट हाउस में एकत्रित हो गए थे। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु को सर्किट हाउस के अंदर रोकने से उनकी गिरफ्तारी की संभावना पहले से ही बढ़ गई थी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता एयरपोर्ट पर पुलिस को चकमा देकर सर्किट हाउस पहुंचे थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर नजर रखी और गिरफ्तारी की तैयारी कर ली थी। प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य सरकार का ध्यान बेरोजगारी, महंगाई और अन्य सामाजिक समस्याओं के साथ वोट चोरी की ओर बनारस के लोगों का ध्यान आकर्षित करना था।
उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस (पूर्वी जोन) द्वारा “वोट चोर गद्दी छोड़ – SIR बंद करो – बेरोजगारी हटाओ” जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर जनाक्रोश मार्च एवं रैली का आयोजन किया जा रहा था। कार्यक्रम का स्थल शास्त्री घाट, कचहरी थी, जहां जनाक्रोश सभा का आयोजन प्रस्तावित था। इसके बाद रवींद्रपुरी स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय के घेराव हेतु प्रस्थान किया जाना था। कांग्रेस की ओर से यह रैली युवाओं की आवाज को उठाने और बेरोजगारी के खिलाफ संघर्ष को मजबूत करने का एक प्रयास बताया गया। युवा कांग्रेस का यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा था जिसे पुलिस ने कार्रवाई कर विफल कर दिया।
