वाराणसी: आगामी प्रमुख मुस्लिम पर्व मुहर्रम के मद्देनजर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए वाराणसी पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय), कमिश्नरेट वाराणसी, श्री शिवहरी मीणा द्वारा थाना लोहता क्षेत्र के मिश्रित आबादी वाले और संवेदनशील इलाकों का स्थलीय निरीक्षण व भ्रमण किया गया। इस दौरान उनके साथ अपर पुलिस उपायुक्त (जोन वरुणा) सुश्री लिपि नागाइच, सहायक पुलिस आयुक्त (रोहनिया) श्री अवधेश कुमार विश्वकर्मा तथा थाना प्रभारी लोहता दिगम्बर उपाध्याय मौजूद रहे।
अपर पुलिस आयुक्त ने पुलिस बल के साथ थाना लोहता के महमूदपुर से मीना बाजार, लोहता चौमुहानी होते हुए कुशवाहा नगर से हरपालपुर शिवमन्दिर तक के मिश्रित आबादी वाले और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त की। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, रूट व्यवस्था, ताजिया जुलूस मार्ग, भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कवरेज और पुलिस पिकेट सहित तमाम सुरक्षा इंतजामों की गहन समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान श्री शिवहरी मीणा ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहने और जनता से सीधा संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर भी सतत निगरानी रखी जाए, ताकि भ्रामक सूचना या अफवाह फैलाकर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
अपर पुलिस आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों, धर्मगुरुओं और ताजिया कमेटियों के पदाधिकारियों से मुलाकात कर आपसी भाईचारा, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुहर्रम पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।