वाराणसी : लोहता थाना क्षेत्र में नवनियुक्त थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने आज अपना पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने थाना परिसर में आसपास के लोगों और विभिन्न समितियों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।
यह बैठक विशेष रूप से भीम जयंती पर होने वाली शोभायात्रा और शोभा रैली की तैयारियों को लेकर आयोजित की गई थी। बैठक में थाना प्रभारी ने उपस्थित लोगों को आश्वस्त किया कि वे जनता की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे और अपनी पूरी निष्ठा व कर्तव्यपरायणता से काम करेंगे।
थाना प्रभारी ने लोगों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली और उन्हें भरोसा दिलाया कि वे हर मुसीबत में उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा, “मैं आपके एक कॉल पर आपकी हर मुसीबत में खड़ा होने के लिए अग्रसर हूं और रहूंगा।” उन्होंने जनता को विभिन्न प्रकार के अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए।
नवनियुक्त थाना प्रभारी ने थाना परिसर में उपस्थित अधिकारियों से क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों की जानकारी भी ली। उन्होंने पदभार ग्रहण करते हुए यह भी आश्वासन दिया कि उनके रहते क्षेत्र की जनता पूरी तरह सुरक्षित महसूस करेगी।
