या साथ रहे या दे तलाक…” पत्नी और उसके प्रेमी की प्रताड़ना से तंग आकर पति ने दी आत्महत्या की चेतावनी*

Aman Pandey
3 Min Read

देश में इन दिनों पति, पत्नी और प्रेमी के त्रिकोण के चलते हो रही हत्याओं की खबरें लगातार सुर्खियां बटोर रही हैं। आगरा में पत्नी द्वारा प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर शव को बाथरूम में दफनाने का सनसनीखेज मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि ऐसा ही एक और गंभीर मामला धर्मनगरी वाराणसी से सामने आया है। यहाँ एक पीड़ित पति ने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी पर मानसिक प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस कमिश्नर कार्यालय में न्याय की गुहार लगाई है।

 

वाराणसी के ग्राम सभा बनकट निवासी सागर कुमार गुप्ता का विवाह वर्ष 2018 में संगीता गुप्ता (निवासी थाना जंसा, बड़ौदा बाजार) के साथ हुआ था। सागर कुमार का आरोप है कि बीते कुछ सालों से उनकी पत्नी का बड़ौदा बाजार के ही रहने वाले विकास गुप्ता नाम के युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। जब पति को इस बात की भनक लगी और उसने विरोध किया, तो पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर न सिर्फ उनके साथ मारपीट की, बल्कि उनके खिलाफ दहेज प्रताड़ना का झूठा मुकदमा भी दर्ज करा दिया। इस मुकदमे के कारण पीड़ित पति को कई बार थाने के चक्कर काटने पड़े और हवालात में भी बंद रहना पड़ा। हालांकि, बाद में इस मुकदमे पर पति ने हाई कोर्ट से स्टे ले लिया।

 

पीड़ित पति का आरोप है कि वर्तमान समय में उसकी पत्नी न तो अपने मायके में रह रही है और न ही अपने ससुराल में। वह कहा है पता नहीं ताज्जुब की बात यह है कि इस बात की जानकारी न तो पत्नी के मायके वालों को है और न ही ससुराल पक्ष के लोगों को। सागर गुप्ता ने बताया कि कुछ दिनों पहले पत्नी से फोन पर बात हुई थी, लेकिन वह अपनी लोकेशन छिपा रही है। वह न तो साथ रहने को तैयार है और न ही तलाक दे रही है। विरोध करने पर वह उसे जान से मारने या फिर किसी अन्य झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही है।

 

मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुके सागर गुप्ता ने कहा कि वह आज भी अपनी पत्नी को सम्मान के साथ रखने के लिए तैयार हैं, और यदि पत्नी साथ नहीं रहना चाहती, तो वह उन्हें कानूनी रूप से तलाक दे दे। पत्नी ने उन्हें बीच में फंसा रखा है, जिससे उनका जीना मुहाल हो गया है। लगातार मिल रही धमकियों और प्रताड़ना के कारण वे गहरे डिप्रेशन में चले गए हैं। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला और इसी तरह प्रताड़ित किया जाता रहा, तो उनके पास आत्महत्या करने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचेगा।

Share this Article
Leave a comment