वाराणसी के राजातालाब थाना क्षेत्र के सरैया गांव में मंगलवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डूबा दिया। बोरिंग कार्य के लिए आई मालवाहक वाहन की टक्कर से कच्ची दीवार गिरने से 5 वर्षीय मासूम अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आंगनबाड़ी कार्यकर्ती सरोज देवी और एक बच्ची सृष्टि गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हाहाकार मच गया।
जानकारी के अनुसार, सरैया गांव में अपने नाना महादेव के घर रह रहा अनुराग मंगलवार को रोज की तरह आंगनबाड़ी केंद्र (प्ले स्कूल) से पढ़ाई समाप्त कर अपनी अध्यापिका सरोजा के साथ घर लौट रहा था। जैसे ही वह अपने दरवाजे पर पहुंचा, उसी समय गांव में बोरिंग कार्य के लिए आई एक मालवाहक गाड़ी वहां बैक करने लगी। वाहन चालक को पीछे के दीवार का ध्यान नहीं रहा और गाड़ी सीधे कच्ची दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दीवार भरभराकर गिर पड़ी, और अनुराग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती सरोज देवी तथा एक अन्य बच्ची सृष्टि उसके नीचे दब गए।
ग्रामीणों ने जब जोरदार आवाज सुनी तो लोग दौड़कर पहुंचे और मलबा हटाने लगे। कुछ ही देर में तीनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक अनुराग की सांसें थम चुकी थीं। घायल आंगनबाड़ी कार्यकर्ती सरोज देवी और बच्ची सृष्टि को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। मृतक अनुराग दो भाइयों में छोटा था, उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। मां जानकी बेटे का चेहरा देखकर बार-बार बेहोश हो जा रही थीं। नाना महादेव और परिजन बिलखते हुए अपने मासूम की याद में फफक पड़े।
पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। बच्चों की चीखें और परिजनों की रुलाई से माहौल गमगीन हो उठा। ग्रामीणों के अनुसार, अनुराग बेहद होनहार और चंचल स्वभाव का बच्चा था, जिसे पूरा गांव प्यार करता था।
पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। बच्चों की चीखें और परिजनों की रुलाई से माहौल गमगीन हो उठा। ग्रामीणों के अनुसार, अनुराग बेहद होनहार और चंचल स्वभाव का बच्चा था, जिसे पूरा गांव प्यार करता था।
सूचना पाकर राजातालाब पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। इसी दौरान सेवापुरी विधायक प्रतिनिधि अदिति पटेल भी घटनास्थल पर पहुंचीं और शोकग्रस्त परिवार को सांत्वना दी।
उन्होंने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। कई घंटे की मशक्कत के बाद परिजन पंचनामा के लिए राजी हुए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वही पुलिस ने मालवाहक को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद से पूरे सरैया गांव में मातम पसरा है, हर किसी की आंखें नम हैं।
