काशी विश्वनाथ मंदिर में इस वर्ष होली का उत्सव भक्तों ने उल्लास के अद्भुत संगम के रूप में मनाया। मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा की देखरेख में इस बार विशेष तैयारियां की गई हैं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बाबा के दरबार में होली का संपूर्ण आनंद मिल सके।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा ने बताया कि होली के पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपना घर-परिवार छोड़कर बाबा के दर्शन के लिए काशी पहुंचे हैं। ऐसे में मंदिर प्रशासन ने भव्य स्तर पर गुलाब, सुरक्षा और व्यवस्थाओं की तैयारी की है। बाबा के भक्तों पर जमकर गुलाब बरस रहा है और पूरा मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा है।
देश के अलग-अलग हिस्सों से आए श्रद्धालु स्वयं को सौभाग्यशाली मान रहे हैं कि उन्हें बाबा के चरणों में होली खेलने का अवसर मिला। मंदिर परिसर में भक्ति गीतों और ढोल-नगाड़ों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।
होली की बात हो और मथुरा तथा वृंदावन का जिक्र न हो, ऐसा संभव नहीं। यहां की होली विश्व प्रसिद्ध है, लेकिन इस बार बड़ी संख्या में मथुरा और वृंदावन से भी भक्त काशी पहुंचे हैं।
मथुरा से आई महिलाओं ने बताया कि वे हर साल भगवान श्रीकृष्ण के साथ होली खेलती हैं, लेकिन इस बार उन्हें विशेष आह्वान महसूस हुआ। उनका कहना है कि महाकाल ने उन्हें काशी बुलाया और यहां आकर वे अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव का आनंद ले रही हैं।
