वाराणसी पुलिस की सतर्कता और तत्परता का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। लोहता थाना क्षेत्र के अकेलवा चौकी पुलिस ने मात्र 72 घंटे के भीतर एक नागरिक का खोया हुआ मोबाइल फोन बरामद कर उसे सुरक्षित मालिक के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से गदगद पीड़ित ने वाराणसी पुलिस समेत पूरी उत्तर प्रदेश पुलिस का आभार जताया है।
ग्राम रामेश्वर (थाना जंसा, वाराणसी) निवासी संजय मिश्रा पुत्र अशोक कुमार मिश्रा का मोबाइल फोन हाल ही में कहीं गुम हो गया था। संजय मिश्रा ने इसकी सूचना अकेलवा चौकी पर दी थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी कौशल कुमार सिंह ने त्वरित कार्रवाई शुरू की।
चौकी प्रभारी कौशल कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी नागेंद्र प्रसाद और आरक्षी ऋषिकेश राय की टीम ने तकनीकी मदद व सूझबूझ से मात्र 72 घंटे के भीतर गुम हुए मोबाइल को सफलतापूर्वक ढूंढ निकाला। इसके बाद संजय मिश्रा को चौकी बुलाकर उनका मोबाइल फोन सौंप दिया गया।
अपना खोया हुआ मोबाइल इतने कम समय में वापस पाकर संजय मिश्रा के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने इस सराहनीय कार्य के लिए अकेलवा पुलिस टीम की पीठ थपथपाई और वाराणसी पुलिस व उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यशैली की भूरी-भूरी प्रशंसा की। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय जनता में सुरक्षा और विश्वास का माहौल और मजबूत हुआ है।
