वाराणसी में नशे के लिए पैसे मांग रहा था बेटा, मना करने पर मां की कर दी हत्या

Aman Pandey
Aman Pandey
2 Min Read

मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के भुल्लनपुर इलाके में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां नशे के लिए पैसे न मिलने पर एक बेटे ने अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

 

जानकारी के अनुसार भुल्लनपुर निवासी घनश्याम नशे का आदी बताया जा रहा है। सोमवार को वह अपनी मां से नशा करने के लिए पैसे मांग रहा था। मां ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, जिससे वह आगबबूला हो गया। गुस्से में उसने अपनी मां पर हमला कर दिया और सिर कूंचकर उसकी हत्या कर दी।

 

एडीसीपी वरुणा नीतू कादयान ने बताया है कि युवक द्वारा अपनी मां के सिर पर ईंट से वार कर उसे घायल करने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया, आरोपी को गिरफ्तार में ले लिया गया है। बताया जा रहा है कि उसने अपनी मां से खाना मांगा था और उसी को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद उसने ईंट से वार कर घटना को अंजाम दिया है।

 

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ उसके बड़े भाई बहादुर ने तहरीर दी है और बताया है कि घनश्याम 4 भाइयों में सबसे छोटा है और नशे का आदी है। हमेशा नशे में चूर रहने की वजह से वह अलग रहता था और इसी दौरान उसने मां की सिर कूचकर हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक महिला के शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। इसके साथ ही आरोपी के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

Share This Article
Leave a comment