डॉक्टर से व्हाट्सएप कॉल पर एक करोड़ की रंगदारी मांगने वाला मुंबई से अरेस्ट,

Aman Pandey
Aman Pandey
2 Min Read

जंसा थाना क्षेत्र के उदय अर्पित अस्पताल के संचालक उदय वर्मा से एक करोड़ की रंगदारी मांगने के आरोपी सचिन कुमार सिंह को जंसा पुलिस और क्राइम ब्रांच ने मुंबई के मांटुगा रोड स्थित वेस्टर्न रेलवे कॉलोनी से मंगलवार को गिरफ्तार किया।

ट्रांजिस्ट रिमांड के आधार पर बुधवार को आरोपी को वाराणसी के कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। जंसा के दीनदासपुर निवासी सचिन कुमार सिंह 50 हजार इनामी मनीष सिंह का भाई है। सचिन आठ साल पूर्व रंगदारी के मुकदमे में सिगरा थाने से जेल भी जा चुका है।

जंसा थानाध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि चौकी इंचार्ज पवन कुमार यादव, एसआई पवन यादव और क्राइम ब्रांच प्रभारी गौरव सिंह ने सर्विलांस के आधार पर आरोपी सचिन कुमार सिंह को मुंबई से गिरफ्तार किया। जंसा थाना क्षेत्र के जलालपुर निवासी उदय वर्मा ने 28 जुलाई को जंसा थाने में रंगदारी का केस दर्ज कराया।

अस्पताल संचालक पीड़ित उदय ने पुलिस को बताया कि व्हाट्सएप कॉल करके एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। रंगदारी नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। सर्विलांस के आधार पर टीम ने छानबीन शुरू की। इस बीच भनक लगी कि रंगदारी मांगने का आरोपी मुंबई के मांटुगा रोड स्थित वेस्टर्न रेलवे कॉलोनी में रह रहा है। आरोपी कुख्यात अपराधी मनीष सिंह जंसा का भाई है।

 

Share This Article
Leave a comment