लोहताः नवागत थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने शनिवार को लोहता थाना परिसर में क्षेत्र के संभ्रांत व्यापारियों के साथ एक बैठक की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना और कानून-व्यवस्था को सुदृद्ध करना था। थानाध्यक्ष ने व्यापारियों से उनके इलाके में संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। इसके लिए उन्होंने अपना सीयूजी नंबर भी साझा किया। उपाध्याय ने उपस्थित व्यापारियों को साइबर ठगी से बचने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने की जानकारी दी। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता के लिए 112 पर कॉल करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने व्यापारियों से अपनी दुकानों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने, रात्रि में दुकानों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने और पुलिस के साथ आपसी समन्वय बनाए रखने का आग्रह किया।
थानाध्यक्ष ने जोर देकर कहा कि पुलिस और व्यापारी समाज मिलकर ही अपराध पर प्रभावी अंकुश लगा सकते हैं। बैठक में प्रमुख रूप से हैदर महतो, सुरेश, रमेश, किसान सिंह, शाहनवाज, दीन मोहम्मद, मौजूद्दीन खान, महमूदपुर प्रधानपति इम्तियाज हाशमी सहित कोटवा, मंगलपुर और कोरौता से संभ्रांत लोग शामिल रहे। व्यापारियों ने पुलिस को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। थानाध्यक्ष ने अंत में कहा कि जनता की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
